Wednesday, June 27, 2018
Home > Chhattisgarh > VIDEO: इमरजेंसी की बरसी पर प्रधानमंत्री का कांग्रेस पर हमला, सत्ता सुख के लिए देश को बना दिया था कारागार

VIDEO: इमरजेंसी की बरसी पर प्रधानमंत्री का कांग्रेस पर हमला, सत्ता सुख के लिए देश को बना दिया था कारागार

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में पीएम ने 43 वर्ष पहले लागू किए गए इमरजेंसी को लेकर कांग्रेस पार्टी को निशाने पर लिया।

भाजपा के शासन में संविधान, दलितों और अल्पसंख्यकों के खतरे में होने का ‘काल्पनिक डर फैलाने’ के लिए कांग्रेस की कटु आलोचना करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस कभी नहीं सुधर सकती। मोदी ने कहा, ‘अदालत के फैसले के बाद (इंदिरा गांधी) प्रधानमंत्री का पद छोड़ने के बजाए आपातकाल लगा दिया गया। यह लोग संविधान की रक्षा करने की बात कैसे कर सकते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘जब किशोर कुमार जी ने उनके लिए (कांग्रेस के लिए) गाने से इनकार कर दिया तो, रेडियो पर उनके गाने बजाने नहीं दिए जाते थे।’बीजेपी मना रही है काला दिवस।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस और गांधी परिवार को आड़े हाथ लेते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि एक परिवार के ‘स्वार्थी निजी हितों के चलते भारत को जेल में तब्दील कर दिया गया था।’ बता दें कि आपातकाल लागू किए जाने के 43 साल पूरे हो गए हैं। ऐसे में केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा आज ‘काला दिवस’ मना रही है।

केवल आलोचना नहीं,  जागरूकता फैलाना है मकसद

मोदी ने कहा कि आपातकाल देश के स्वर्णिम इतिहास पर काला धब्बा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ आपातकाल लगाने जैसे पाप के लिए कांग्रेस की आलोचना करने की खातिर ही आज काला दिवस नहीं मनाया जा रहा है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जागरूकता फैलाना भी है।

चुनावी बयानबाजी पर भी साधा निशाना

मोदी ने कांग्रेस पर लोकसभा में 400 से घटकर महज 44 सीटों पर सिमटने के बाद ईवीएम और भारत निर्वाचन आयोग की आलोचना करने के लिए भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने हालिया कर्नाटक चुनाव के बाद ईवीएम पर सवाल नहीं उठाए।’

महाभियोग को लेकर भी कसा तंज

मोदी ने उच्चतम न्यायालय के मौजूदा प्रधान न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए भी कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने (गांधी परिवार) कभी कल्पना भी नहीं की होगी कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगेंगे और वह जमानत पर बाहर रहेंगे। इसलिए, कांग्रेस ने प्रधान न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने का फैसला लिया।’

संविधान केवल किताब नहीं

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार संविधान की रक्षा करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाये रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, ‘संविधान सिर्फ एक किताब नहीं है, बल्कि वह आम जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने का जरिया है।’

पत्रकारों ने लड़ी लोकतंत्र की लड़ाई

मोदी ने आपातकाल के खिलाफ आवाज उठाने के लिए इंडियन एक्सप्रेस के रामनाथ गोयनका और कुलदीप नैयर तथा स्टेट्समैन अखबार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘उनमें से कई हमारे समर्थक भी नहीं हैं। नैयर हमारे आलोचक हैं, लेकिन उन्होंने लोकतंत्र के लिए लड़ाई लड़ी।’ मोदी ने कहा कि, जागरुक राजनीतिक दल, सहित जागरुक संगठन, जागरुक नागरिक प्रत्येक वर्ष इस काले दिन (इमरजेंसी) को याद करते हैं।

सजग रहने के लिए इमरजेंसी का स्मरण

पीएम मोदी ने कहा, हम आलोचना करने के लिए मात्र काला दिन नहीं मनाते हैं। हम देश के वर्तमान और भावी पीढ़ी को जागरूक करना चाहते है। हम स्वयं को भी प्रतिपल संविधान  के प्रति समर्पण और लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता हर पल अपने आप को सजग रखने के लिए इसका स्मरण करते हैं।

‘जिसने पराधीनता देखी नहीं है, न जानने का प्रयास किया है, वैसे लोगों के सामने आजादी की बात करें तो वह नहीं समझ सकता है।’ आज की पीढ़ी को आपातकाल के विषय में समझने की जरूरत है। प्यासे को पता होता है कि प्यास क्या होती है। जब स्वतंत्रता का अभाव होता है तब वह महसूस करता है कि स्वतंत्रता क्या होती है।

सत्ता सुख और परिवार भक्ति

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, देश ने यह कभी सोचा नहीं था कि सत्ता सुख के मोह में परिवार भक्ति के पागलपन में लोकतंत्र संविधान की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले लोग देश को जेलखाना बना देंगे।

कुर्सी जाने पर चिल्लाती है कांग्रेस

आपातकाल के दौरान बड़े-बड़े लोगों को सलाखों में बंद कर दिया गया । हर व्यक्ति को भय रहता था कि उन्हें भी मीसा एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बकौल मोदी ‘ये सब कांग्रेस ने संविधान के तहत बड़ी चतुराई से  किया था। इस देश में जब-जब कांग्रेस पार्टी खास कर उस परिवार को अपनी कुर्सी जाने का संकट महसूस हुआ है, तब तब उन्होंने चिल्लाना शुरु किया है।’

सत्ता सुख के लिए देश तबाह किया

मोदी ने कहां कांग्रेस कुर्सी को संकट में देखकर, देश संकट में है, ऐसी बात करते हैं। वे कहते हैं देश को कांग्रेस ही बचा सकती है। जिसने सत्ता सुख के लिए स्वयं के दल को तबाह कर दिया, उनके लिए हिंदुस्तान, लोकतंत्र, संविधान कोई मायने नहीं रखता है।उन्होंने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि, इस देश की ज्यूडिसरी को डरा दिया गया था। जो संविधान के प्रति समर्पित थे उनको मुसीबत झेलने के लिए मजबूर कर दिया गया था, और जो परिवार के सुख के लिए समर्पित थे उनकी पांचों अंगुली घी में थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *