दुर्ग। नगर निगम दुर्ग के गुणवत्ता विहीन कार्यों की पोल बरसात के पहले ही खुलने लगी है। अभी तो बारिश के फुव्हारे ही लगे थे कि नवनिर्मित नाली पूरी तरह ढह गई। इसकी सूचना पर क्षेत्रीय विधायक अरुण वोरा मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने घटिए निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। जिसके बाद तत्काल निगम के अधिकारियों के साथ चर्चा की। साथ ही अधिकारियों को फटकार भी लगाई। अरुण वोरा बोले घटिया काम किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही मलबा जल्द उठाने की बात कही।
दरअसल शनिवार सुबह आधे घंटे की बरसात में ही उरला वार्ड 56 में नवनिर्मित नाली पूरी तरह से ढह गई। जिसके बाद पार्षद लुमन पटेल एवं जमुना साहू के द्वारा शहर विधायक अरुण वोरा को फोन कर इसकी सूचना दी गई जिससे विधायक मौके पर निरिक्षण करने पहुंचे। अभी एक माह पूर्व ही 13 लाख रु की लागत से उक्त नाली के निर्माण का कार्य पूर्ण हुआ है। पर कार्य की गुणवत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नाली के सड़क की और का 100 मीटर लंबा हिस्सा पूरी तरह से ढह गया है। विधायक वोरा ने इसके लिए निगम अधिकारियों से चर्चा की और कहा कि बरसात आने को है तत्काल नाली से मलबा हटवा कर पानी जाने का रास्ता बनाया जाए ताकि वार्ड वासियों को जल भराव की परेशानी का सामना न करना पड़े। गुणवत्ता विहीन निर्माण के लिए शहर में कोई जगह नहीं है। वोरा ने शंकर नाला, कसारीडीह नाला, पुलगांव नाला समेत शहर के सभी बड़े नालों की बरसात पूर्व सफाई की भी जानकारी ली। इस मौके पर शहर अध्यक्ष आर एन वर्मा, सभापति राजकुमार नारायणी,नेता प्रतिपक्ष लिखन साहू, पार्षद लुमन पटेल, जमुना साहू, लीलाधर पाल, अंशुल पांडेय आदि उपस्थित थे।