Thursday, May 31, 2018
Home > Chhattisgarh > मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा- स्वर्गीय हेमचंद यादव के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा, लोकप्रिय नेता को हमने हमेशा के लिए खो दिया

मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय ने कहा- स्वर्गीय हेमचंद यादव के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा, लोकप्रिय नेता को हमने हमेशा के लिए खो दिया

prem prakash pandey

भिलाई। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री व भिलाई विधायक प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने राज्य के वरिष्ठ नेता, प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री और दुर्ग शहर के पूर्व विधायक हेमचंद यादव के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मंत्री पाण्डेय ने कहा है कि स्वर्गीय हेमचंद यादव के निधन से हम सबने सहज-सरल स्वभाव के एक ऐसे कर्मठ और लोकप्रिय नेता को हमेशा के लिए खो दिया, जिन्होंने सदैव जमीन से जुड़कर जनता की सेवा की। व्यक्तिगत रूप से मैंने एक ऐसा मित्र खो दिया जिसने मेरे जीवन के अनेक छोटे- बड़े निर्णयों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जिसने मुझे सही रास्ता चुने और उसपर चलने का साहस औऱ भरोसा दोनों का एहसास दिलाया है। मंत्री पाण्डेय ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने हमेशा जनता की सुविधाओं को महत्व दिया। 1998 में पहली बार विधायक चुने जाने के बाद से ही उन्होंने हमेशा शहर औऱ जनता के विकास को प्राथमिकता दी। स्वर्गीय हेमचंद यादव ने वर्ष 2003 से वर्ष 2008 और वर्ष 2008 से 2013 तक याने लगातार दस वर्षों तक शासन के विभिन्न विभागों में अपनी मूल्यवान सेवाएं दी। श्रम, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, उच्च शिक्षा और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेशवासियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अथक प्रयास किया। मंत्री पाण्डेय ने कहा- नये छत्तीसगढ़ राज्य के विकास में स्वर्गीय हेमचंद यादव के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके निधन से मैंने अपने एक अभिन्न मित्र को हमेशा के लिए खो दिया है। ज्ञातव्य है कि पूर्व मंत्री श्री हेमचंद यादव का बीती रात नईदिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के अस्पताल में निधन हो गया। स्वर्गीय  यादव दुर्ग से पहली बार वर्ष 1998 में तत्कालीन अविभाजित मध्यप्रदेश की विधानसभा के लिए और  राज्य निर्माण के बाद वर्ष 2003 और वर्ष 2008 के छत्तीसगढ़ विधानसभा के आम चुनावों में वह दुर्ग से विधायक निर्वाचित हुए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *