Monday, December 17, 2018
Home > District > Bilaspur > बिलासपुर कलेक्टर बोले- बेहतर रैंक शहर वासियों की जागरूकता का परिणाम

बिलासपुर कलेक्टर बोले- बेहतर रैंक शहर वासियों की जागरूकता का परिणाम

बिलासपुर। शहर की बेहतर स्वच्छता रैंक में कलेक्टर पी दयानन्द की अहम भूमिका रही है। पिछले एक साल में कलेक्टर के निर्देशन में सफाई के लिए जोरदार अभियान चलाया गया। चाहे नाईट स्वीपिंग की बात हो या फिर डोर टू डोर कचरा कलेक्सन की, कलेक्टर ने लगातार साफ सफाई की मॉनिटरिंग की। कलेक्टर ने कई बार शहर की साफ सफाई का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। कलेक्टर दयानंद ने कहा कि बेहतर रैंक यहां के नागरिकों के सहयोग के कारण आई है। लोगों में सफाई के प्रति जागरूकता आई है। उन्होंने बेहतर रैंक के लिए शहर वासियों को बधाई दी।

गौरतसल है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 में बिलासपुर नगर निगम ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए पूरे देश के स्वच्छ शहरों में 22 वां स्थान पाया है तथा छत्तीसगढ़ का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर घोषित हुआ है।

आज घोषित किए गए नतीजों में बिलासपुर नगर निगम ने पूरे देश में 4181 शहरों को पछाड़ते हुए 4203 शहरों में देश में टॉप 25 में जगह बनाते हुए 22 वां स्थान प्राप्त किया है। बिलासपुर ने यह उपलब्धि देश के 4181 शहरों को पीछे छोड़ते हुए  हासिल की है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ शहरों द्वारा किए इस प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए बिलासपुर वासियों को इस उपलब्धि हेतु बधाई दी है तथा नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अमर अग्रवाल ने इस अभूतपूर्व उपलब्धि का पूरा श्रेय स्मार्ट सिटी ‘हमर बिलासपुर’ के नागरिकों को देते हुए अपनी शुभकामनाएँ उन्हें प्रेषित की हैं।

इसे बिलासपुर नगर निगम के लिए स्मार्ट सिटी में चयनित होने के समकक्ष सबसे बड़ी उपलब्धि माना जा सकता है क्योंकि पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण 2017 में भारत सरकार द्वारा एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले कुल पाँच सौ शहरों का सर्वे किया गया था जिसमें बिलासपुर का प्रदर्शन औसत रहा था जिसमें बिलासपुर को 179वीं रैंक प्राप्त हुआ था। इस बार प्रतियोगिता और कठिन थी क्योंकि इस बार पाँच सौ शहरों के स्थान पर देश के सभी 4203 शहर भाग ले रहे थे। इतनी कठिन प्रतिस्पर्धा में भी बिलासपुर ने पिछले सर्वे की तुलना में 157 रैंक की छलाँग लगाई।

वहीं देश के साफ सुथरे राज्यों में छत्तीसगढ़ को बेस्ट परफार्मिंग स्टेट के लिए तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। आज इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल और उनके विभाग के अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

बता दें बेस्ट परफार्मिंग स्टेट के लिए पहले नंबर पर झांरखंड और दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र को ये अवार्ड दिया गया है। वहीं साफ सुथरा शहर के लिए इंदौर बना देश का सबसे स्वच्छ शहर.. भोपाल को मिला दूसरा स्थान… जबकी चंडीगढ़ रहा तीसरे स्थान पर रहा। इंदौर और भोपाल ने ये कामयाबी लगातार दूसरी बार हासिल की है।

अमर अग्रवाल ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव रोहित यादव, संचालक निरंजन दास और सूडा के सीईओ अभिनव अग्रवाल सहित सूडा की पूरी टीम को बधाई दी है। नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने नई दिल्ली में स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 की रिपोर्ट सार्वजनिक किए। राज्य में मिशन क्लीन सिटी योजना का क्रियान्वयन, सुविधा 24 शौचालय का निर्माण, सिटिजन फीडबैंक, गूगल टॉयलेट लोकेटर आदि नवाचार के साथ समस्त 168 निकायों का ओडीएफ होना और सर्वेक्षण में ओवरआल प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ अन्य बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए तीसरे स्थान हासिल किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *