Thursday, April 5, 2018
Home > Chhattisgarh > टीएस सिंहदेव ने अजीत जोगी पर साधा निशाना, कहा- “BJP की हर तरीके से सपोर्ट करते हैं जोगी, इसलिए 2008 औऱ 2013 चुनाव में मिली हार”

टीएस सिंहदेव ने अजीत जोगी पर साधा निशाना, कहा- “BJP की हर तरीके से सपोर्ट करते हैं जोगी, इसलिए 2008 औऱ 2013 चुनाव में मिली हार”

भिलाई। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अधिवेशन में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी पर हमला किया है। सिंहदेव ने कहा कि, 2008 और 2013 के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने भाजपा का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सपोर्ट किया। जिसकी वजह से कांग्रेस की सरकार नहीं बनी। इस साल होने वाले चुनाव में मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच में है। जोगी की पार्टी प्रादेशिक पार्टी बनकर रहेगी। जैसा कि बाकी प्रदेशों में एक निर्दलीय पार्टी रहती है।

सिंहदेव ने कहा कि, हम सकारात्मक माहौल के साथ चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस पहले से काफी मजबूत स्थिति में है। हर जिले में कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। इस बार भाजपा का सरकार बनाने का सपना पूरा नहीं होगा। किसानों को उनकी धान का उचित मूल्य मिले यही कांग्रेस की सोच है और प्रदेश सरकार इसमें पूरी तरह से विफल हुई है। बता दें कि गुरुवार से भिलाई में एनएसयूआई का राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू हुआ। जिसमें शामिल होने नेता प्रतिपक्ष सिंहदेव पहुंचे। उनसे पहले पीसीसी चीफ भूपेश बघेल भी पहुंचे।

चुनाव लड़ने एनएसयूआई के 5-6 पदाधिकारियों ने मांगी है टिकट

इस साल होने वाले चुनाव में एनएसयूआई के 5-6 प्रदेश पदाधिकारियों ने विधानसभा की टिकट मांगी है। इस बात की पुष्टि एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज खान ने की। वे भिलाई में आयोजित एनएसयूआई के राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने कहा कि, देश के प्रधानमंत्री युवाओं को रोजगार देने में विफल हो गए। हर भर्ती परीक्षा घोटाले की भेंट चढ़ रही है। सरकार का नियंत्रण नहीं है। छत्तीसगढ़ में युवाओं की स्थिति ठीक नहीं है। यहां की सरकार ने कुछ भी नहीं किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *